- Hindi News
- Local
- Uttar pradesh
- Priyanka Gandhi Hathras Gang Rape Case Latest News Updates: Congress General Secretory Priyanka Gandhi In Hathras Uttar Pradesh
हाथरस14 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी।
- 14 सितंबर को हाथरस की दलित लड़की के साथ हुआ था दुष्कर्म, 28 सितंबर सुबह दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में ली अंतिम सांस
- मंगलवार रात जबरन पुलिस ने पीड़ित के शव का किया अंतिम संस्कार, घटना को लेकर देशभर में आक्रोश
हाथरस में गैंगरेप पीड़ित के चिता की राख अभी ठंडी नहीं हुई है, लेकिन इस मुद्दे पर सियासत शुरू हो गई है। आज कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी और राहुल गांधी दिल्ली से हाथरस आ सकते हैं। कांग्रेस जिलाध्यक्ष चंद्रगुप्त विक्रमादित्य ने बताया कि राहुल और प्रियंका कितने बजे यहां आएंगे, यह भी स्पष्ट नहीं है। लेकिन वे जरूर आएंगे। वहीं, प्रशासन ने जिले में 31 अक्टूबर तक के लिए धारा 144 लगा दी है। हाथरस जिले की सभी सीमाओं को सील कर दिया गया है। गांव में भी बैरिकेडिंग कर पीड़ित के घर जाने वाले रास्ते को ब्लॉक कर दिया गया है।
दरअसल, प्रियंका गांधी इस मुद्दे पर लगातार आक्रामक हैं। बुधवार को एसआईटी के गठन पर भी उन्होंने सवाल उठाया था। प्रियंका ने सीएम योगी से पांच सवाल पूछे थे। उनका सबसे बड़ा सवाल यही था कि परिजनों से जबरदस्ती छीनकर पीड़िता के शव को जलवा देने का आदेश किसने दिया?
सीएम योगी से प्रियंका गांधी के सवाल
मैं यूपी के मुख्यमंत्री जी से कुछ सवाल पूछना चाहती हूँ-
परिजनों से जबरदस्ती छीन कर पीड़िता के शव को जलवा देने का आदेश किसने दिया?
पिछले 14 दिन से कहां सोए हुए थे आप? क्यों हरकत में नहीं आए?
और कब तक चलेगा ये सब? कैसे मुख्यमंत्री हैं आप? pic.twitter.com/Q2qPcDXDTT
— Priyanka Gandhi Vadra (@priyankagandhi) September 30, 2020
गांव को छावनी बनाया गया, मुख्य मार्ग पर बैरिकेडिंग
पीड़ित के गांव में पुलिस जवानों की तैनाती की गई। पूरा गांव छावनी जैसा नजर आ रहा है। कोई भी बाहरी व्यक्ति गांव में पीड़ित के घर तक न पहुंच सके, इसके लिए गांव के बाहर मुख्य मार्ग पर बैरिकेडिंग लगाई गई है। मीडिया वालों को भी गांव में जाने की परमिशन नहीं है। एडीएम स्तर के अधिकारी गांव के एंट्री पॉइंट पर तैनात हैं।
एसआईटी ने विवेचक से पूछताछ की, परिवार वालों से भी की मुलाकात
सीएम योगी ने बुधवार को हाथरस की घटना की जांच के लिए एसआईटी गठित की है। गृह सचिव भगवान स्वरूप को एसआईटी अध्यक्ष बनाया गया है। इस टीम में डीआईजी चंद्र प्रकाश और सेनानायक पीएसी आगरा पूनम भी शामिल हैं। बुधवार रात टीम ने चंदपा थाने पहुंचकर विवेचक सीओ सादाबाद से घटना की विस्तार से जानकारी ली है। इसके बाद रात 11 बजे के करीब टीम पीड़ित के घर पहुंची। परिवार वालों से भी तमाम पहलुओं पर बात की है। सीएम ने सात दिन के भीतर रिपोर्ट तलब की है। टीम आज भी परिवार वालों से बात कर रही है।
बवाल वाले मामले में कांग्रेस जिलाध्यक्ष समेत 145 पर केस दर्ज
दुष्कर्म मामले को लेकर बुधवार को हाथरस शहर में बवाल हुआ था। इस प्रकरण में पुलिस ने कांग्रेस जिलाध्यक्ष समेत 25 नामजद व 120 अज्ञात पर मुकदमा दर्ज किया गया है। सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आईजी ने कई टीम बनाई है। यह केस कोतवाली सदर में सार्वजनिक संपत्ति निवारण अधिनियम और आईपीसी की धारा 147, 149, 332, 353, 336, 347, 427 के तहत दर्ज किया गया है।
यह है पूरा मामला
हाथरस जिले के थाना चंदपा इलाके के एक गांव में 14 सितंबर को चार दबंग युवकों ने 19 साल की दलित युवती के साथ गैंगरेप को अंजाम दिया था। आरोप है कि वारदात के बाद आरोपियों ने पीड़िता की रीढ़ की हड्डी तोड़ दी और उसकी जीभ भी काट ली थी। घटना के बाद पुलिस ने एक आरोपी को उसी दिन गिरफ्तार कर लिया था। दो अन्य भी अलग-अलग तारीखों में पकड़े गए। चौथे आरोपी को बीते शनिवार को गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं, युवती को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। लेकिन, उसकी हालत देखते हुए उसे अलीगढ़ के जेएन मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था। जहां से बीते रविवार को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती करवाया गया। लेकिन सोमवार तड़के उसकी मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने जबरन शव का अंतिम संस्कार कर दिया।