Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
ग्रेटर नोएडा14 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

यह सूरज महतो की दो दिन पुरानी फोटो है। उसे पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा था।- फाइल फोटो
- मृतक बंदी दो दिन पहले भेजा गया था जेल, वह बिहार के मुजफ्फरपुर का रहने वाला था
दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर जिला जेल में बुधवार को एक बंदी ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। उसका शव टॉयलेट में मिला। शव जूते के फीते से बने फंदे से लटक रहा था। इसकी भनक लगते ही जेल प्रशासन ने उसे फंदे से उताकर जिला अस्पताल पहुंचाया। लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी। मृतक युवक 15 मार्च को नोएडा के थाना-39 से गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। उस पर अपनी गर्लफ्रेंड को उसका ही अश्लील वीडियो भेजने का आरोप था।
अस्थाई जेल में रखा गया था
बिहार के मुजफ्फरपुर निवासी सूरज महतो को दो दिन पहले 15 मार्च को नोएडा की सेक्टर 39 कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया था। उसे लुकसर स्थित जिला जेल लाया गया था। उसे अस्थाई जेल में रखा गया था। जहां उसने आज टॉयलेट में जाकर फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। जानकारी में सामने आया है कि सूरज ने खुदकुशी से पहले अपने पिता से फोन पर पांच मिनट तक बात की थी।
पिता से क्या बातें हुई? जांच जारी
जेल अधीक्षक भीमसेन मुकुंद ने बताया कि सूरज को अपनी गर्लफ्रैंड की अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर डालने के मामले में जेल भेजा गया था। वह यहां भंगेल में रह रहा था। फिलहाल पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही उसके परिवार को पूरी घटना की जानकारी दे दी गयी है। वहीं, जेल प्रशासन और इकोटेक 1 थाना पुलिस इस पूरी घटना की जांच में भी जुट गई है। पता लगाया जा रहा है कि सूरज का आखिरी बार पिता से क्या बातें हुई थी।